बेटे की मौत, माता-पिता को खोने का दर्द और अब बच्चों से जुदाई… आखिर किस दौर से गुजर रही हैं सेलिना जेटली?

Celina Jaitly कभी बॉलीवुड की ग्लैमरस और चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं। No Entry और Golmaal Returns जैसी फिल्मों में काम कर चुकी सेलिना लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन इन दिनों उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह है उनके पति Peter Haag के खिलाफ दर्ज करवाई गई एफआईआर और बच्चों की कस्टडी को लेकर छिड़ी कानूनी लड़ाई।

हाल ही में सेलिना ने सोशल मीडिया पर कई भावुक पोस्ट शेयर करते हुए आरोप लगाया कि उनके पति उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके बच्चों को उनसे और हिंदू धर्म के खिलाफ भड़काया जा रहा है। लेकिन इन पोस्ट्स में जिस बात ने लोगों को सबसे ज्यादा भावुक किया, वह था उनके दिवंगत बेटे शमशेर का जिक्र।

सेलिना ने लिखा कि वह अपने किसी बच्चे से नहीं मिल पाईं, सिवाय शमशेर के। दरअसल शमशेर अब इस दुनिया में नहीं है। अभिनेत्री हाल ही में उसकी कब्र पर गई थीं और उसी मुलाकात को उन्होंने अपने बेटे से मिलना बताया।

मिस इंडिया से बॉलीवुड तक का सफर

सेलिना ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट्स से की थी। साल 2001 में वह फेमिना मिस इंडिया बनीं और उसी वर्ष मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में फोर्थ रनर-अप भी रहीं। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और कई फिल्मों में नजर आईं। हालांकि कुछ फिल्में सफल रहीं, लेकिन उनका फिल्मी करियर उम्मीद के मुताबिक ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच पाया।

साल 2010 में उन्होंने ऑस्ट्रियन बिजनेसमैन पीटर हाग से शादी की। पीटर लग्जरी होटल इंडस्ट्री से जुड़े रहे हैं और दुबई, सिंगापुर समेत कई इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी ग्रुप्स में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं।

बेटे शमशेर की मौत ने तोड़ दिया

साल 2012 में सेलिना पहली बार मां बनीं और उन्होंने जुड़वा बेटों विंस्टन और विराज को जन्म दिया। इसके बाद 2017 में उन्होंने दोबारा जुड़वा बेटों को जन्म दिया, जिनका नाम आर्थर और शमशेर रखा गया।

लेकिन जन्म के कुछ समय बाद ही उन्हें पता चला कि शमशेर को “हाइपोप्लास्टिक लेफ्ट हार्ट सिंड्रोम” (HLHS) नाम की गंभीर बीमारी है। यह ऐसी मेडिकल स्थिति होती है जिसमें बच्चे के दिल का बायां हिस्सा ठीक तरह से विकसित नहीं हो पाता।

सेलिना और पीटर ने अपने बेटे को बचाने के लिए दुनिया भर के डॉक्टरों और कार्डियोलॉजिस्ट्स से संपर्क किया, लेकिन उन्हें हर जगह निराशा ही हाथ लगी। आखिरकार उन्होंने अपने बेटे शमशेर को खो दिया।

इस दर्द से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि सेलिना के पिता कर्नल विक्रम कुमार जेटली का निधन हो गया। इसके कुछ समय बाद उनकी मां मीता फ्रांसिस भी कैंसर के कारण चल बसीं। लगातार हुए इन हादसों ने सेलिना को अंदर तक तोड़ दिया और वह डिप्रेशन में चली गईं।

शादीशुदा जिंदगी में बढ़ती दरार

साल 2025 में अचानक खबर आई कि सेलिना ने मुंबई में घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए अपने पति से तलाक की मांग की है। दूसरी तरफ पीटर पहले ही ऑस्ट्रिया में डिवोर्स केस फाइल कर चुके थे।

बताया जाता है कि सेलिना ने 199 पन्नों की शिकायत में अपने पति पर मानसिक, शारीरिक, यौन और मौखिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीटर उन्हें अक्सर अपमानित करते थे, बच्चों के सामने गालियां देते थे और उन्हें “नौकरानी” की तरह ट्रीट करते थे।

शिकायत में यह भी दावा किया गया कि पीटर ने उनसे महंगे गिफ्ट्स की मांग की, कई बार हिंसक व्यवहार किया और यहां तक कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए बेहद आपत्तिजनक बातें कहीं।

सेलिना ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें ऑस्ट्रिया के एक छोटे गांव में लगभग आइसोलेशन में रखा गया। उनके पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज भी उनसे ले लिए गए थे। बाद में मौका मिलने पर वह रातोंरात वहां से निकलकर भारत आ गईं।

हालांकि ऑस्ट्रिया के कानूनों के चलते वह अपने बच्चों को अपने साथ नहीं ला सकीं। इसके बाद पीटर ने बच्चों से संपर्क के रास्ते भी बंद कर दिए। बाद में कोर्ट ने सेलिना को बच्चों से रोज एक घंटे फोन पर बात करने की अनुमति दी।

प्रॉपर्टी विवाद और कानूनी लड़ाई

सेलिना ने अपने पति पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने मुंबई की करोड़ों की प्रॉपर्टी जबरन अपने नाम करवाई। साथ ही वियना में खरीदी गई संपत्ति पर भी कब्जा कर लिया।

उनकी लीगल टीम के मुताबिक पीटर ने सेलिना के बैंक कार्ड्स और सेविंग्स पर भी कंट्रोल कर लिया था। अभिनेत्री ने तलाक मामले में एलुमिनी और हर्जाने की मांग भी की है।

भाई की गिरफ्तारी ने बढ़ाई मुश्किलें

इन सबके बीच सेलिना एक और मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। उनके भाई मेजर विक्रांत जेटली को सितंबर 2024 में यूएई में हिरासत में लिया गया था। काफी समय तक परिवार को उनके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले में गिरफ्तारी की बात सामने आई।

सेलिना ने अपने भाई की मदद के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ी, लेकिन बाद में उनके भाई ने खुद ही कहा कि अब उनका केस उनकी पत्नी संभालेंगी।

अब क्या है ताजा स्थिति?

हाल ही में मदर्स डे पर सेलिना ने अपने बेटे शमशेर की कब्र के पास से एक भावुक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह रोते हुए उसकी कब्र साफ करती नजर आईं।

एक अन्य वीडियो में उन्होंने दावा किया कि ऑस्ट्रिया की कोर्ट ने उन्हें बच्चों की जॉइंट कस्टडी दी है, लेकिन इसके बावजूद पीटर उन्हें बच्चों से मिलने नहीं दे रहे।

सेलिना का कहना है कि जिस दिन वह खुद को बचाने के लिए ऑस्ट्रिया से निकली थीं, उसी दिन उन्होंने अपने बच्चों को भी खो दिया था।

फिलहाल मुंबई पुलिस ने पीटर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि यह कानूनी लड़ाई आगे किस मोड़ पर जाकर खत्म होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *