14 साल बाद वापसी के लिए तैयार गोविंदा, बोले— ’14 मेरा लकी नंबर है, इसी विश्वास ने मुझे इंतजार करना सिखाया’

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने लंबे अंतराल के बाद फिल्मों में अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है। हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स की घोषणा करते हुए कहा कि “Govinda Days Are Back” और अब वह नए जोश के साथ फिल्मी सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब गोविंदा से पूछा गया कि प्रशंसकों की लगातार मांग के बावजूद उन्होंने इतने वर्षों तक कमबैक क्यों नहीं किया, तो उन्होंने इसका कारण अपने न्यूमरोलॉजी (अंक ज्योतिष) में विश्वास को बताया।

गोविंदा ने कहा कि 14 उनका बेहद शुभ अंक है और उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ाव इसी संख्या से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि 14 वर्ष की उम्र में उन्हें पहली बार महसूस हुआ कि उन पर ईश्वर की विशेष कृपा है। इसके बाद उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में एक ही सप्ताह में 14 फिल्में साइन की थीं और लगभग 14 वर्षों तक सुपरस्टार के रूप में सफलता हासिल की।

उन्होंने यह भी कहा कि जब वह राजनीति में आए, तब 14वीं लोकसभा के चुनाव हुए थे और उसके बाद उनके जीवन में करीब 14 वर्षों का संघर्ष रहा। गोविंदा के मुताबिक, उन्होंने इसी विश्वास के चलते धैर्य रखा और सही समय का इंतजार किया।

अभिनेता ने कहा कि कई लोगों ने उनके इस विश्वास को अंधविश्वास बताया, लेकिन उनके लिए यह केवल आस्था और आत्मविश्वास का विषय है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने फैसलों और अपने विश्वास पर पूरा भरोसा है और दूसरों की आलोचना से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

गोविंदा ने विश्वास जताया कि उनकी नई पारी पहले की तरह दर्शकों का प्यार हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि वह नए प्रोजेक्ट्स के जरिए एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।

गौरतलब है कि गोविंदा 1990 और 2000 के दशक के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में रहे हैं। अपनी कॉमिक टाइमिंग, डांस और दमदार अभिनय के दम पर उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में दीं। अब उनके प्रशंसकों को उनकी इस नई फिल्मी पारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *