रानी मुखर्जी को ला ट्रोब यूनिवर्सिटी ने मानद डॉक्टरेट से किया सम्मानित; शाहरुख खान के बाद यह सम्मान पाने वाली दूसरी भारतीय फिल्म हस्ती

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रानी मुखर्जी को ऑस्ट्रेलिया की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी ने भारतीय सिनेमा में करीब तीन दशक के उनके उल्लेखनीय योगदान और महिलाओं, बच्चों तथा वंचित समुदायों के लिए उनके निरंतर कार्य को सम्मानित करते हुए Honorary Doctor of Letters (D.Litt.) की मानद उपाधि प्रदान की है।

मेलबर्न के फेडरेशन स्क्वेयर में 14 अगस्त को आयोजित एक विशेष समारोह में, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 के दौरान रानी को यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस सम्मान के साथ रानी मुखर्जी शाहरुख खान के बाद ला ट्रोब यूनिवर्सिटी का यह सर्वोच्च सम्मान पाने वाली दूसरी भारतीय फिल्म हस्ती बन गई हैं। यूनिवर्सिटी ने इससे पहले 2019 में शाहरुख खान को उनके परोपकारी कार्यों और भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए सम्मानित किया था और उनके नाम पर PhD स्कॉलरशिप की घोषणा भी की थी।

इस सम्मान को स्वीकार करते हुए रानी मुखर्जी ने कहा, “ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट प्राप्त करना मेरी जिंदगी के सबसे विनम्र और भावुक पलों में से एक है। जब मैं छोटी बच्ची थी, तो हर किसी की तरह मेरा भी सपना था कि मैं अपने परिवार और अपने देश को गौरवान्वित करूं। मुझे नहीं पता था कि यह कैसे होगा, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं किसी चीज में पूरी मेहनत से अच्छा बनने की कोशिश करूंगी, तो मेरे माता-पिता खुश होंगे। सिनेमा उस सपने को पूरा करने का माध्यम बन गया।”

अपने करियर और फिल्मों के चुनाव के बारे में रानी ने कहा, “मैं अपने करियर की शुरुआत से ही जोखिम लेने वाली रही हूं। मैंने हमेशा ऐसी फिल्मों को चुना, जिन्होंने सबसे पहले मेरे दिल पर असर किया। ऐसी कहानी जिसे बताया जाना जरूरी हो, ऐसी कहानी जो लोगों को प्रेरित और सशक्त करे।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने हमेशा चुपचाप ऐसी फिल्मों के जरिए भारत की सशक्त लड़कियों और महिलाओं को प्रस्तुत करने की कोशिश की है, जिनका दिल सही जगह पर हो। जरूरतमंद लोगों और तत्काल सहायता की तलाश करने वालों के लिए मैं जो काम करती हूं, उसे लेकर भी मैं उतनी ही भावुक हूं। इसलिए जो मुझे सही लगता है, उसे करने के लिए मिला यह सम्मान मुझे आगे भी सही लड़ाई लड़ते रहने के लिए प्रेरित करता है।”

फिल्मों की ताकत और कलाकारों की जिम्मेदारी पर रानी ने कहा, “मैं हमेशा से मानती आई हूं कि फिल्में लोगों के विचार बदलने से पहले उनके दिल बदल सकती हैं। इसलिए यह सम्मान मेरे लिए शब्दों में व्यक्त करने से कहीं अधिक मायने रखता है।”

उन्होंने कहा, “हर कलाकार की जिम्मेदारी सिर्फ प्रदर्शन या अभिनय तक सीमित नहीं होती। हम चुपचाप अपनी संस्कृति के राजदूत बन जाते हैं।”

रानी ने आगे कहा, “अगर मेरी फिल्मों ने एक व्यक्ति को भी भारत और यहां की महिलाओं को थोड़ा बेहतर समझने में मदद की है… अगर उन्होंने संवाद को बढ़ावा दिया है… अगर उन्होंने सहानुभूति पैदा की है… तो मुझे लगता है कि मैंने सिर्फ एक अभिनेत्री होने से कहीं बड़ी जिम्मेदारी निभाई है।”

ला ट्रोब यूनिवर्सिटी के चांसलर The Honourable John Brumby AO ने कहा, “रानी मुखर्जी के उल्लेखनीय कार्य ने मनोरंजन की सीमाओं को पार करते हुए सामाजिक न्याय, समानता और समावेश जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चाओं को जन्म दिया है। मानवतावादी कार्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता उन्हें इस मानद डॉक्टरेट के लिए एक असाधारण योग्य प्राप्तकर्ता बनाती है।”

IFFM की फेस्टिवल डायरेक्टर मितु भौमिक लांगे ने कहा कि यह सम्मान न सिर्फ रानी की कलात्मक उत्कृष्टता का जश्न है, बल्कि कहानी कहने की उस शक्ति का भी सम्मान है, जो देशों और संस्कृतियों के बीच पुल बनाने में सक्षम है।

ब्लैक,हम तुम , युवा , बंटी और बबली , नो वन किल्ड जेसिका , हिचकी , मर्दानी फ्रँचायझीऔर मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे जैसी फिल्मों के जरिए रानी मुखर्जी ने महिलाओं के अधिकार, लैंगिक न्याय, दिव्यांगों के समावेश और सामाजिक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखा है।

सम्मान स्वीकार करते हुए रानी ने इसे भारत और दुनिया भर के दर्शकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, “मैं इस सम्मान को सिर्फ रानी मुखर्जी के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसी भारतीय के रूप में गर्व से स्वीकार करती हूं, जिसे ऑस्ट्रेलिया में अपनी संस्कृति और अपने सिनेमा का जश्न मनाते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है। मैं यह सम्मान उन सभी भारतीय कलाकारों की ओर से स्वीकार करती हूं, जिन्होंने हमेशा विश्वास किया है कि कहानियां देशों के बीच दोस्ती का निर्माण कर सकती हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह डॉक्टरेट उस कहानी का एक और अध्याय है। आप सभी की वजह से मैंने एक बेहद सौभाग्यशाली जीवन जिया है। मैं इस सम्मान को अपार कृतज्ञता, गहरी विनम्रता और गर्व के साथ अपने साथ लेकर जाऊंगी।”

Link – https://www.instagram.com/p/DcApXA7CK2M

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *