लखनऊ में होगा फ़िल्म सोसाइटी ऑफ़ इंडिया द्वारा ‘यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन

लखनऊ 18 मार्च 2026 : फ़िल्म सोसाइटी ऑफ़ इंडिया द्वारा ‘यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन 30 और 31 मार्च 2026 को गोमती नगर स्थित उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में किया जाएगा। यह दो दिवसीय प्रतिष्ठित फिल्म सम्मेलन सिनेमा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक संवाद को समर्पित होगा, जिसमें देश-विदेश के फिल्मकार, निर्देशक, कलाकार, निर्माता, मीडिया पेशेवर और सांस्कृतिक जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग भाग लेंगे।

कॉन्क्लेव में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म और डॉक्यूमेंट्री फिल्म जैसी श्रेणियों पर विशेष फोकस रहेगा। कार्यक्रम के दौरान फिल्म स्क्रीनिंग, पैनल चर्चा, नेटवर्किंग सत्र और फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजन किए जाएंगे।

इस वर्ष कॉन्क्लेव में फिल्म और टीवी जगत की कई चर्चित हस्तियां भी शिरकत करेंगी। इनमें अभिनेता राजेश जैस, अभिनेता आदित्य श्रीवास्तव , अभिनेता प्रमोद पाठक , अभिनेत्री मीनाक्षी दीक्षित तथा अभिनेता ज़ाकिर हुसैन शामिल होंगे। इन कलाकारों की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा और आकर्षण दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

कॉन्क्लेव के बारे में जानकारी देते हुए रमेश मिश्रा, अध्यक्ष, फ़िल्म सोसाइटी ऑफ़ इंडिया ने कहा, “यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव 2026 का उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से रचनात्मकता और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है। यह मंच देश और दुनिया के फिल्मकारों, कलाकारों और रचनात्मक व्यक्तित्वों को एक साथ लाकर सार्थक चर्चा और सहयोग के नए अवसर पैदा करेगा।”

वहीं फिल्म निर्देशक एवं फ़िल्म सोसाइटी ऑफ़ इंडिया के संस्थापक-अध्यक्ष दुर्गेश पाठक ने कहा,“हम चाहते हैं कि यह कॉन्क्लेव उभरते हुए फिल्मकारों और युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि समाज और संस्कृति को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है, और इस मंच के जरिए हम उसी संवाद को आगे बढ़ाना चाहते हैं।”

आयोजकों के अनुसार, यह कॉन्क्लेव न केवल सिनेमा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा का मंच बनेगा बल्कि प्रायोजकों और उद्योग से जुड़े संगठनों के लिए उच्च स्तरीय ब्रांडिंग और साझेदारी के अवसर भी प्रदान करेगा।

आयोजकों का मानना है कि ‘यूपी इंटरनेशनल फिल्म कॉन्क्लेव 2026’ उत्तर प्रदेश में फिल्म और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा और राज्य को फिल्म, कला और रचनात्मक उद्योगों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और अन्य विशिष्ट अतिथियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *