मुंबई 9 मार्च 2026: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निर्देशक ज़ैग़म इमाम ने अपनी आगामी फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ का पहला पोस्टर रिलीज किया। मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि और नर्मदा नदी के अंचल में रची गई यह फिल्म एक सशक्त सोशल क्राइम ड्रामा है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित होकर महिलाओं के साहस, संघर्ष और न्याय की लड़ाई को बड़े परदे पर प्रस्तुत करती है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी उतनी ही प्रभावशाली है। इसमें अश्विनी कलसेकर सिमाला प्रसाद और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनके साथ अनुभवी कलाकार जरीना वहाब, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक खान भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें महिला पात्रों को परंपरागत ढांचे से अलग, मजबूत और निर्णायक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
‘द नर्मदा स्टोरी’ की कहानी आदिवासी महिला अग्नि धुर्वे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। हालात तब बदलते हैं जब उसकी लड़ाई में पुलिस इंस्पेक्टर नर्मदा रैकवार उसका साथ देती हैं। इस किरदार को वास्तविक जीवन की आईपीएस अधिकारी और अभिनेत्री Simala Prasad ने निभाया है। दोनों महिलाएं मिलकर उन अपराधियों के खिलाफ खड़ी होती हैं जो अपने प्रभाव और ताकत के दम पर खुद को कानून से ऊपर समझते हैं।
यह कहानी सिर्फ अपराध के खिलाफ संघर्ष की नहीं, बल्कि उन आदिवासी महिलाओं के आत्मसम्मान, जज़्बे और जुझारूपन की भी दास्तान है, जिनकी आवाज़ अक्सर मुख्यधारा में सुनाई नहीं देती। फिल्म इसी अनसुनी ताकत को सामने लाने का प्रयास करती है।

फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक ज़ैग़म इमाम ने कहा,
“यह फिल्म ग्रामीण भारत की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। महिला दिवस के अवसर पर इसका पहला पोस्टर जारी करना मेरे लिए बेहद खास है। यह एक मां के अदम्य साहस और एक महिला पुलिस अधिकारी की ईमानदारी की कहानी है। जब महिलाएं अन्याय के खिलाफ खड़ी होती हैं, तो बदलाव की शुरुआत होती है। हमने फिल्म में महिला किरदारों को पारंपरिक स्टीरियोटाइप से अलग और ज्यादा मजबूत रूप में पेश करने की कोशिश की है।”
वहीं फिल्म के सह-निर्माता पीयूष सिंह ने कहा, ‘द नर्मदा स्टोरी’ केवल एक क्राइम ड्रामा नहीं है, बल्कि उन महिलाओं को समर्पित है जो कठिन परिस्थितियों में भी अन्याय के खिलाफ खड़ी होने का साहस रखती हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंजली पाटिल, जरीना वहाब जी और रघुबीर यादव जी जैसे सशक्त कलाकारों की मौजूदगी इस कहानी को और अधिक प्रभावशाली बनाती है। निर्देशक ने यह सुनिश्चित किया है कि फिल्म का कथ्य आज के सामाजिक ताने-बाने और कानून व्यवस्था के संदर्भ में पूरी तरह प्रासंगिक रहे।”
फिल्म का निर्माण ऐबी इन्फ़ोसॉफ़्ट क्रिएशन द्वारा किया जा रहा है, जबकि कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित स्टूडियो गोल्डन रेशियो फिल्म्स इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी ज़ैग़म इमाम ने लिखी है, जबकि पटकथा और संवाद आकाश तक पंकज कौरव और इमाम ने मिलकर तैयार किए हैं। फिल्म का संगीत माणिक बत्रा ने दिया है, जबकि अरशद जाफरी इस फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।
मेकर्स के अनुसार, नारी शक्ति की भावना और सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी के साथ ‘द नर्मदा स्टोरी’ इस गर्मियों में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है। यह फिल्म दर्शकों को एक प्रभावशाली सिनेमा अनुभव देने के साथ-साथ समाज को एक सशक्त और विचारोत्तेजक संदेश भी देगी।






Leave a Reply