फिल्म की शुरुआत जैसे ही होती है, दर्शक सीधे एक ऐसे रिश्ते की दुनिया में पहुँच जाते हैं जो बहुत फिल्मी नहीं, बल्कि हमारे आसपास की ज़िंदगी से निकला हुआ लगता है। इस फिल्म की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं इसके खूबसूरत लोकेशन फिल्म की शुटिंग भीमताल उत्तराखंड में हुई हैं जो इसे और लाजवाब बनाती है।
जतिन शर्मा का कुशाल और मधुरिमा राय का किरदार—दोनों मिलकर एक ऐसी केमिस्ट्री रचते हैं जो बनावटी नहीं लगती। मधुरिमा की मासूमियत और जतिन का शांत, थोड़ा भीतर सिमटा हुआ स्वभाव मिलकर कहानी की एक भावनात्मक बुनियाद तैयार करते हैं। दर्शक धीरे-धीरे इस रिश्ते के भीतर उतरने लगते हैं।
कहानी तब मोड़ लेती है जब प्रणय की एंट्री होती है। यहाँ से फिल्म एक प्रेम त्रिकोण की शक्ल लेती है, लेकिन यह कोई साधारण या सतही त्रिकोण नहीं है। निर्देशक इस रिश्ते को ईगो की लड़ाई नहीं बनने देते, बल्कि इसे आत्मसम्मान और भावनात्मक संघर्ष की जमीन पर खड़ा करते हैं। यही फिल्म की खूबसूरती है—यह हमें बताती है कि प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समय देने, समझने और महसूस करने की प्रक्रिया है। आज के उस डिजिटल दौर में, जहाँ रिश्ते अक्सर ‘राइट स्वाइप’ से शुरू होकर ‘अनफॉलो’ पर खत्म हो जाते हैं, यह फिल्म हमें ठहरकर सोचने को मजबूर करती है कि क्या हम सच में अपने साथी को समझने की कोशिश करते हैं।
अभिनय की बात करें तो फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी जतिन हैं। वे पहले भी Sacred Games में ‘बंटी’ के किरदार से पहचाने गए थे, लेकिन यहाँ ‘कुशाल’ के रूप में उनका अभिनय कहीं ज्यादा परिपक्व और संवेदनशील दिखाई देता है। उनकी ताकत यह है कि वे ऊँची आवाज़ या बड़े नाटकीय संवादों का सहारा नहीं लेते। उनकी आँखों की हल्की नमी, संवादों के बीच का ठहराव और चेहरे पर उभरती दुविधा—यही उनके अभिनय की असली भाषा है। कुशाल का किरदार भीतर से टूटा हुआ आदमी है, जो अपनी गलतियों के बोझ के साथ जी रहा है और फिर भी रिश्ते को बचाने की कोशिश करता है।
मधुरिमा रॉय ने भी अपने किरदार को बड़ी सहजता से निभाया है। दिल और दिमाग के बीच फँसी एक स्त्री की दुविधा को उन्होंने बिना किसी बनावट के स्क्रीन पर उतारा है। उनकी मौजूदगी फिल्म में एक ताजगी लाती है। वहीं प्रणय पचौरी अपने आधुनिक और आत्मविश्वासी किरदार में सहज दिखते हैं। खासकर जतिन और प्रणय के बीच के दृश्य फिल्म को उसका सबसे तीखा और दिलचस्प मोड़ देते हैं।
कुल मिलाकर यह फिल्म किसी बड़े शोर या चमक-दमक से नहीं, बल्कि रिश्तों की छोटी-छोटी सच्चाइयों से अपनी पहचान बनाती है। यह हमें याद दिलाती है कि प्रेम का असली संघर्ष बाहर नहीं, अक्सर हमारे भीतर ही चलता है। शायद यही वजह है कि फिल्म खत्म होने के बाद भी इसके किरदार और उनके सवाल दर्शक के मन में देर तक गूंजते रहते हैं। फिल्म के संवाद बेहद छोटे छोटे और असरदार है एक शांत फिल्म जब इसे देखकर बाहर निकलेंगे तो आपको थोड़ी अशांत करती है।
⭐ ⭐ ⭐
समीक्षा धीरज मिश्रा




Leave a Reply