मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ‘द नर्मदा स्टोरी’ के निर्देशक जैग़म इमाम की विशेष भेंट, मध्य प्रदेश की संस्कृति, महिला शक्ति और कलाकारों को समर्पित है फ़िल्म

आगामी हिंदी फ़िल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ की टीम ने मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर फ़िल्म के निर्देशक ज़ैग़म इमाम और अभिनेता शरद सिंह उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान फ़िल्म की विषयवस्तु, इसके निर्माण और मध्य प्रदेश से इसके गहरे जुड़ाव के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी गई।

फ़िल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ पूरी तरह मध्य प्रदेश में फिल्माई गई है। नर्मदापुरम, भोपाल और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और सामाजिक परिवेश को फ़िल्म में प्रमुखता से दर्शाया गया है। विशेष बात यह है कि फ़िल्म के प्रमुख कलाकारों के साथ-साथ अनेक महत्वपूर्ण भूमिकाओं में मध्य प्रदेश के स्थानीय कलाकारों को भी अवसर दिया गया है, जिससे यह फ़िल्म प्रदेश की प्रतिभा का सशक्त प्रतिनिधित्व बनकर उभरती है।

फ़िल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, इश्तियाक़ ख़ान, सदानंद पाटिल और आईपीएस अधिकारी-अभिनेत्री सिमाला प्रसाद जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इन सभी का संबंध मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों से रहा है। वहीं रंगमंच और सिनेमा जगत के प्रतिष्ठित कलाकार आलोक चटर्जी की यह अंतिम फ़िल्म है। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित उनके योगदान को यह फ़िल्म एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी देती है।

फ़िल्म कई मायनों में विशेष है। पहली बार किसी मुख्यधारा हिंदी फ़िल्म में मध्य प्रदेश के कलाकारों को इतने बड़े स्तर पर प्रमुखता दी गई है। फ़िल्म में प्रदेश के शहरों और स्थानों के वास्तविक नामों का उपयोग किया गया है, जिससे इसकी प्रामाणिकता और भी बढ़ जाती है। इसके साथ ही पहली बार एक आदिवासी महिला पुलिस अधिकारी को इतनी बड़ी और केंद्रीय भूमिका में प्रस्तुत किया गया है।
‘द नर्मदा स्टोरी’ केवल एक क्राइम-थ्रिलर नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की महिला पुलिस के साहस, समर्पण और शौर्य को सलाम करने वाली कहानी भी है। फ़िल्म एक महिला पुलिस अधिकारी के संघर्ष, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा को केंद्र में रखती है। साथ ही यह प्रदेश की जीवनरेखा मां नर्मदा के संरक्षण और उससे जुड़े सामाजिक सरोकारों पर एक नया विमर्श भी शुरू करती है।
इस अवसर पर निर्देशक जैग़म इमाम ने कहा, “मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने हमें समय दिया और हमारा उत्साह बढ़ाया, इसके लिए मैं उनका हृदय से आभारी हूँ। मध्य प्रदेश में फिल्मांकन करना बेहद सुविधाजनक और सुखद अनुभव रहा। यह प्रदेश कला, संस्कृति और इतिहास की अमूल्य धरोहर तो है ही, साथ ही आज औद्योगिक और आधुनिक विकास की दिशा में भी अग्रणी राज्यों में शामिल है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारी फ़िल्म में मध्य प्रदेश की सुंदरता, विविधता और आत्मा का अत्यंत सुंदर फिल्मांकन हुआ है। इस फ़िल्म के माध्यम से देशभर के दर्शक बड़े पर्दे पर मध्य प्रदेश को एक नए दृष्टिकोण से देख पाएंगे।”

फ़िल्म के निर्माताओं का मानना है कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक चेतना और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का कार्य करेगी।

एबी इन्फ़ोसॉफ़्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी “द नर्मदा स्टोरी” में सिमाला प्रसाद, अंजलि पाटिल और अश्विनी कलसेकर प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगी। इनके साथ अनुभवी कलाकार ज़रीना वहाब, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक़ खान भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फ़िल्म इस शुक्रवार, 12 जून को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *